राजकीय पुरस्कार से सम्मानित केशव कुमार बने टीचर्स ऑफ बिहार के स्टेट टीम कोऑर्डिनेटर
अररिया 10 अक्टूबर(हि.स.)।
शिक्षकों की प्रमुख प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी टीचर्स ऑफ बिहार ने केशव कुमार को स्टेट टीम कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी है। यह दायित्व टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार, टेक्निकल टीम लीडर शिवेंद्र प्रकाश सुमन तथा टीम के अन्य सदस्यों की सहमति से उन्हें प्रदान किया गया।
केशव कुमार का चयन वर्ष 2025 में बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से प्रधान शिक्षक के पद पर हुआ था। शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचारी प्रयासों और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों के लिए उन्हें वर्ष 2026 में राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के द्वारा प्रदान किया गया।
केशव कुमार पिछले छह वर्षों से टीचर्स ऑफ बिहार से जुड़े हुए हैं। नई जिम्मेदारी मिलने पर केशव कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संगठन के फाउंडर शिव कुमार टेक्निकल टीम लीडर शिवेंद्र प्रकाश सुमन और टीम के सभी सदस्यों के प्रति हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण जवाबदेही भी है। वह पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करते हुए टीम के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि टीचर्स ऑफ बिहार शिक्षकों को अपने शैक्षणिक नवाचारों, रचनात्मक गतिविधियों और प्रभावी शिक्षण विधियों को साझा करने का अवसर प्रदान करने वाला एक सशक्त मंच है। इसके माध्यम से शिक्षक एक-दूसरे के अनुभवों से सीखते हैं तथा विचारों के आदान-प्रदान से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।
स्टेट टीम कोऑर्डिनेटर के रूप में अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए केशव कुमार ने कहा कि टीम के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, शैक्षणिक नवाचारों को प्रोत्साहित करना और संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होंगी।
जानकारी टीचर्स ऑफ बिहार के प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने शनिवार को संयुक्त रूप से दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

