शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को मिला सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को मिला सम्मान


शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को मिला सम्मान


भागलपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को भागलपुर जिला शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, बेहतर प्रदर्शन और नवाचार करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन शिक्षा विभाग भवन में किया गया, जहां चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मानित होने वाले शिक्षकों में खरीक प्रखंड के उसमानपुर स्थित प्लस टू विद्यालय की अंग्रेजी शिक्षिका श्वेता रानी भी शामिल रहीं। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य, नवाचार और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयासों को देखते हुए जिला स्तर पर उनका चयन शिक्षक सम्मान के लिए किया गया था।

सम्मान प्राप्त करने के बाद श्वेता रानी ने शिक्षा विभाग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उनके कार्यों और प्रयासों को पहचान मिलना उनके लिए गौरव और प्रेरणा की बात है। एक शिक्षक के लिए शिक्षक दिवस के अवसर पर इस तरह का सम्मान मिलना अपने आप में बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि भविष्य में और बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी भी है उनका प्रयास रहेगा कि आगे भी विद्यार्थियों के हित में शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग और नवाचार करती रहें।

श्वेता रानी ने कहा कि शिक्षा का अर्थ केवल बच्चों को किताबों का ज्ञान देना नहीं है, बल्कि उन्हें एक बेहतर इंसान बनाना भी है। वह हमेशा प्रयास करती हैं कि बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, शिष्टाचार, संस्कार, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का विकास हो।

उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय में भी उन्हें बच्चों के साथ कार्य करने का अवसर मिलेगा, वहां वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगी।

बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के नए तरीकों और प्रयोगों को अपनाना उनका प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने भागलपुर शिक्षा विभाग के सभी पदाधिकारियों और उन सभी लोगों का हृदय से धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके कार्यों को पहचान दी और शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानित किया।

शिक्षक दिवस पर आयोजित इस सम्मान समारोह में जिले के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके बेहतर प्रदर्शन और नवाचार को सम्मान मिलने से अन्य शिक्षकों को भी अपने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नए प्रयोग करने की प्रेरणा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story