मान-सम्मान और स्वाभिमान के लिए शिक्षकों का संगठित होना जरूरी : सुमन कुमार

WhatsApp Channel Join Now
मान-सम्मान और स्वाभिमान के लिए शिक्षकों का संगठित होना जरूरी : सुमन कुमार


सुपौल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सभी शिक्षकों को आपस में एकजुट और संगठित रहना होगा। एक मजबूत संगठन के माध्यम से ही शिक्षकों की समस्याओं का समाधान संभव है। उक्त बातें बिहार अध्यापक महासंघ, सुपौल की बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सुमन कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार ही उसकी मजबूती का आधार है। अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन से जोड़कर इसे जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की जरूरत है।

बैठक में संगठन के विस्तार और शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। प्रदेश सचिव ने कहा कि आगामी दिनों में जिले के सभी प्रखंडों में संगठन की इकाइयों का गठन करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों और शिक्षकों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी, ताकि संगठन का विस्तार पंचायत और प्रखंड स्तर तक किया जा सके।

जिला महासचिव अंबेडकर कुमार ने कहा कि सभी शिक्षकों को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए। संगठन जितना मजबूत होगा, शिक्षकों की आवाज उतनी ही प्रभावी तरीके से उठाई जा सकेगी। मीडिया प्रभारी मो. इकबाल, कोषाध्यक्ष विभूति कुमार और प्रदीप कुमार ने भी शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

तीन प्रखंडों में नई इकाइयों की घोषणा

बैठक के दौरान जिला महासचिव अंबेडकर कुमार ने सर्वसम्मति से सदर प्रखंड सुपौल, किशनपुर और पिपरा की नई प्रखंड इकाइयों के गठन की घोषणा की। इसके तहत सुपौल प्रखंड का अध्यक्ष मनोरंजन कृष्णा, किशनपुर प्रखंड का अध्यक्ष इंद्रजीत कुमार तथा पिपरा प्रखंड का अध्यक्ष चंदन जी को घोषित किया गया। तीनों प्रखंडों की कार्यकारिणी में बमबम कुमार, मो. खालिद हुसैन, रवि राज, मो. शोहराब, अजय कुमार, ऋषभ झा, अश्वनी कुमार, बलबीर कुमार, नंदकिशोर कुमार, अनुपम मिश्रा, चंदन कुमार, सुनील कुमार, अवधेश कुमार, नवीन कुमार, उमेश शर्मा और कुणाल कुमार सहित दर्जनों पदाधिकारियों को शामिल किया गया।

बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने संगठन को मजबूत बनाने, प्रखंड स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने तथा शिक्षकों की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने का संकल्प लिया। बैठक में जितेंद्र कुमार, राघव राज, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759306 Articles

Share this story