बीडीओ के औचक निरीक्षण में शिक्षिका की कथित फर्जी हाजिरी का मामला उजागर

WhatsApp Channel Join Now
बीडीओ के औचक निरीक्षण में शिक्षिका की कथित फर्जी हाजिरी का मामला उजागर


सुपौल, 30 अगस्त (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय डीलर टोला भीमपुर में शनिवार को छातापुर बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता के औचक निरीक्षण के दौरान एक शिक्षिका की कथित फर्जी हाजिरी का मामला सामने आया।

शिकायतों के आधार पर किए गए निरीक्षण में पाया गया कि शिक्षिका तबस्सुम अंजुम 27 और 29 अगस्त को अवकाश पर थीं। इसकी प्रविष्टि विद्यालय की उपस्थिति पंजी में भी दर्ज थी।

इसके बावजूद ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दूसरे मोबाइल से दोनों तिथियों की उपस्थिति दर्ज कर दी गई।यानी विद्यालय की उपस्थिति पंजी में छुट्टी और पोर्टल पर ड्यूटी दर्ज होने का मामला सामने आया। जांच के दौरान यह स्थिति अधिकारियों के लिए भी हैरत का विषय बनी। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने शिक्षिका के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं वरीय अधिकारियों को अग्रेतर कार्रवाई हेतु सूचना भेज दी है।

प्रधानाध्यापक रामचंद्र यादव ने बताया कि शिक्षिका जुलाई माह में भी बिना सूचना के अवकाश पर चली गई थीं। उस समय उन्हें चेतावनी देने के साथ वेतन में कटौती की कार्रवाई की गई थी। प्रधानाध्यापक के अनुसार, 27 और 29 अगस्त को शिक्षिका ने फोन के माध्यम से विद्यालय नहीं आने की सूचना दी थी। उन्हें ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर भी अवकाश दर्ज करने के लिए कहा गया था, जिसे प्रधानाध्यापक द्वारा स्वीकृत किया जाना था। इसके बावजूद किसी बाहरी व्यक्ति के माध्यम से पोर्टल पर दोनों दिनों की उपस्थिति दर्ज करा दी गई।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने शिक्षिका से पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति के संबंध में पूछताछ की। बताया गया कि शुरुआत में शिक्षिका ने मामले को टालने का प्रयास किया, लेकिन बाद में गलती स्वीकार कर ली।

इस संबंध में बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि शिक्षिका के विद्यालय से अनुपस्थित रहने और कथित रूप से फर्जी तरीके से ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज कराने की लगातार शिकायत मिल रही थी। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई है। मामले की जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित वरीय अधिकारियों को देते हुए अग्रतर कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story