शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ और आपत्तिजनक संदेश भेजने का लगा आरोप
सारण, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के एक निजी विद्यालय में गणित शिक्षक पर कक्षा सात की छात्रा के साथ अशोभनीय व्यवहार, आपत्तिजनक संदेश भेजने और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा करते हुए आरोपित शिक्षक को पकड़कर स्थानीय थाना पुलिस को दे दिया।
परिजनों के अनुसार शिक्षक लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था और गणित में फेल करने की धमकी देकर दबाव बनाता था। आरोपित पर सोशल मीडिया के जरिए आपत्तिजनक संदेश और तस्वीरें भेजने का भी आरोप है। पीड़िता द्वारा परिजनों को जानकारी दिए जाने के बाद स्कूल में तनाव का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एवं स्थानीय थाना को आवेदन देकर इस मामले की जांच करने की मांग की है। संबंधित थानाध्यक्ष ने बताया कि शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों से प्राप्त आवेदन, मोबाइल, व्हाट्सएप चैट व अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

