नेपाल में इलाज के दौरान शिक्षक मो. कलीम उद्दीन की मौत, सड़क हादसे के बाद चल रहा था इलाज

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में इलाज के दौरान शिक्षक मो. कलीम उद्दीन की मौत, सड़क हादसे के बाद चल रहा था इलाज


सुपौल, 17 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड के बसहा स्थित जवाहर प्रेम लाल उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधान शिक्षक मो. कलीम उद्दीन का नेपाल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से शिक्षा विभाग, विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

14 जुलाई को मो. कलीम उद्दीन विद्यालय के क्लर्क रंजीत कुमार के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुपौल सदर थाना क्षेत्र में जवाहर नवोदय विद्यालय के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

मो. कलीम उद्दीन को नेपाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं क्लर्क रंजीत कुमार का इलाज अभी जारी है।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। सदर थाना में अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।मो. कलीम उद्दीन अपने मिलनसार स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उनके निधन पर शिक्षकों, छात्रों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story