सारण में धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने हेतु टास्क फोर्स की हुई बैठक

WhatsApp Channel Join Now
सारण में धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने हेतु टास्क फोर्स की हुई बैठक


सारण में धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने हेतु टास्क फोर्स की हुई बैठक


सारण, 3 दिसंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में बुधवार को खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान अधिप्राप्ति के कार्यों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, डीएम राज्य खाद्य निगम सहित अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे। इस वर्ष धान अधिप्राप्ति की अवधि 01 नवंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित है। विगत वर्ष के 1.23 लाख मैट्रिक टन के लक्ष्य को आधार मानकर अधिप्राप्ति की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार तक जिले में लगभग 900 एमटी धान की अधिप्राप्ति की जा चुकी है।

धान अधिप्राप्ति के लिए अब तक 213 पैक्स और 4 व्यापार मंडल को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। जिले में कुल 24,744 किसानों का निबंधन हुआ है, जिनमें 17,435 भूस्वामी कृषक और 7,309 गैर भूस्वामी कृषक शामिल हैं। जिलाधिकारी अमन समीर ने अधिप्राप्ति में तेजी लाने के लिए जिले के कुल 21 निबंधित राइस मिलों की भौतिक जाँच कर उनका शीघ्र सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

राज्य खाद्य निगम के सभी सीएमआर गोदामों में गुणवत्ता नियंत्रक कीi प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करते हुए निर्धारित मानक के अनुरूप ही चावल जमा लेने का स्पष्ट निदेश दिया गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित अवधि में नियमित रूप से किसानों से समन्वय स्थापित कर उन्हें प्रेरित करते हुए धान अधिप्राप्ति के कार्य में अधिक से अधिक बढ़ोतरी लाने को कहा गया।इसके लिए समयबद्ध लक्ष्य का निर्धारण कर उसे पूरा करने हेतु स्पष्ट कार्ययोजना के अनुरूप कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी ने सभी सदस्यों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए किसानों को सुगमता से अपनी उपज बेचने में सहयोग करने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story