किशनगंज में 83 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य, पिछले साल से 5479 मीट्रिक टन अधिक होगी खरीदारी
किशनगंज, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति की तैयारी तेज कर दी गई है। इस वर्ष जिले में 83,022 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष के 77,543 मीट्रिक टन की तुलना में 5,479 मीट्रिक टन अधिक है।
गुरुवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में पैक्स अध्यक्षों के साथ आयोजित बैठक में धान खरीद की रणनीति, विभागीय दिशा-निर्देशों और समितियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि निर्धारित धान खरीद के समतुल्य 56,324 मीट्रिक टन सीएमआर (चावल) जमा करना होगा।
इसमें 49,566 मीट्रिक टन सामान्य उसना और 6,759 मीट्रिक टन सामान्य अरवा चावल तैयार किया जाना है। धान खरीद के लिए कृषि विभाग के पोर्टल www.dbtagriculture.bihar.gov.in/Agristack पर पंजीकृत किसानों के भूमि संबंधी अपलोड विवरण के आधार पर ही खरीदारी की जाएगी।
रैयती किसानों से अधिकतम 250 क्विंटल तथा गैर रैयती किसानों से अधिकतम 100 क्विंटल धान खरीदने की सीमा निर्धारित की गई है। किशनगंज जिले में प्रति हेक्टेयर औसतन 39 क्विंटल धान अधिप्राप्ति का मानक तय किया गया है। पैक्स और व्यापार मंडलवार खरीद का लक्ष्य क्षेत्र में धान उत्पादन के वास्तविक आंकड़ों के आधार पर निर्धारित होगा। बैठक में दिघलबैंक के पैक्स अध्यक्ष ने एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसानों के भूमि विवरण अपलोड करने में आ रही तकनीकी परेशानी से डीएम को अवगत कराया।
इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को अधिक से अधिक किसानों का निबंधन जल्द सुनिश्चित कराने को कहा। इसके अलावा मिलिंग, हथालन और परिवहन की पुरानी निर्धारित दरों का पुनरीक्षण, मिलों से समितियों की संबद्धता में पैक्स का मंतव्य लेने तथा पड़ोसी राज्यों में धान जाने से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। डीएम ने राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को विगत वर्षों में समितियों की लंबित राशि का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक, पूर्णिया डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष तथा जिले के सभी पैक्स अध्यक्ष मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

