कुर्सेला दियारा में नाबालिगों के साथ तालिबानी सलूक, सरेआम जबरन भरवाई मांग

WhatsApp Channel Join Now
कुर्सेला दियारा में नाबालिगों के साथ तालिबानी सलूक, सरेआम जबरन भरवाई मांग


कटिहार, 11 मई (हि.स.)। जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा पार दियारा इलाके से एक बेहद विचलित करने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहाँ कथित तौर पर प्रेम प्रसंग के मामले में ग्रामीणों ने न केवल कानून को अपने हाथ में लिया, बल्कि दो नाबालिगों के भविष्य और उनकी गरिमा को भी सार्वजनिक रूप से तार-तार कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह प्रसारित हो रहा है, जिसमें ग्रामीणों का तालिबानी चेहरा साफ तौर पर उजागर हुआ है।

घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि एक किशोर और किशोरी को परोस के लोगों ने संदिग्ध अवस्था में देख लिया था, जिसके बाद पुलिस को सूचित करने के बजाय खुद ही किशोर को पकड़कर सरेआम उसका आधा सिर मुंडवा दिया और उसे अपमानित किया। बर्बरता यहीं नहीं रुकी, भीड़ के दबाव में डरी-सहमी किशोरी की मांग में जबरन सिंदूर भरवाकर दोनों की शादी की रस्म पूरी करवा दी गई। वायरल वीडियो में किशोर अपनी उम्र मात्र 16 वर्ष बता रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह सीधे तौर पर बाल विवाह निषेध कानून का उल्लंघन है।

फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासनिक सुस्ती भी चर्चा का विषय बनी हुई है। वीडियो के व्यापक रूप से वायरल होने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से किसी ठोस कार्रवाई या आधिकारिक बयान की पुष्टि नहीं हो पाई है।

दियारा जैसे दुर्गम क्षेत्रों में अक्सर इस तरह के मामलों को सामाजिक रजामंदी का नाम देकर दबा दिया जाता है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इन स्वयंभू न्यायधीशों पर क्या कार्रवाई करता है, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि भीड़ का उन्माद देश के कानून से ऊपर नहीं हो सकता। हिन्दुस्थान समाचार इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता, परंतु घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच की आवश्यकता प्रबल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story