युवा उत्सव में दिखा किशनगंज की प्रतिभाओं का दम, कला और संस्कृति के रंग में रंगा मंच

WhatsApp Channel Join Now
युवा उत्सव में दिखा किशनगंज की प्रतिभाओं का दम, कला और संस्कृति के रंग में रंगा मंच


किशनगंज, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के युवा कलाकारों और प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का शानदार मंच मिला।

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन किशनगंज के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। सम्राट अशोक भवन में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य जिले की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अपनी कला एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर देना तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

आयोजन के दौरान चित्रकला, कविता लेखन, समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति, सांस्कृतिक विरासत और प्रस्तुति कौशल से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि युवा किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनमें असीम संभावनाएं और प्रतिभाएं छिपी होती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों से पूरे आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अपील की। वहीं, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां युवाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। युवाओं को अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।प्रतियोगिताओं के बाद विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव-2026 में किशनगंज जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और कौशल राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story