बिहार की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बना रही अपनी पहचान : श्रेयसी सिंह

WhatsApp Channel Join Now
बिहार की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बना रही अपनी पहचान : श्रेयसी सिंह


पटना, 28 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बिहार के उभरते हॉकी खिलाड़ी एवं भारतीय अंडर-18 टीम के गोलकीपर सावन कुमार को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मंगलवार को सम्मानित किया। इस मौके पर इनके माता-पिता साथ मौजूद थे। इस अवसर पर खेल मंत्री ने कहा कि बिहार की प्रतिभाएं आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं और राज्य का गौरव बढ़ा रही हैं।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार और खेल विभाग खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अगर किसी तरह की परेशानी होती है तो पूरा विभाग इनके साथ प्रमुखता से खड़ा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में ओमान की राजधानी मस्कट में आयोजित अंडर-18 यूथ हॉकी एशिया कप-2026 में सावन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 'बेस्ट गोलकीपर' और 'प्लेयर ऑफ द फाइनल मैच' का पुरस्कार अपने नाम किया।

मंत्री श्रेयसी ने कहा कि फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराकर खिताब जीता, जिसमें सावन की भूमिका बेहद अहम रही। सावन कुमार का दिसंबर में होने वाले अंडर-18 हॉकी विश्व कप के लिए भी चयन हो चुका है। वे बिहार से चयनित होने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। इससे पहले भी उन्होंने जापान में आयोजित अंडर-18 एशियाई हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

खेल मंत्री ने कहा, बिहार में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हमारी सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को ऐसा माहौल देना है, जहां वे बिना किसी चिंता के अपने खेल पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें। 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' जैसी योजनाओं के साथ-साथ प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और आधुनिक खेल सुविधाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता दी जा रही है। हमें विश्वास है कि बिहार के खिलाड़ी आने वाले समय में देश के लिए और अधिक पदक जीतेंगे। उन्होंने सावन कुमार को आगामी विश्व कप के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां बिहार के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी और राज्य की नई खेल संस्कृति को मजबूत बनाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story