झरही नदी में डूबने से दिव्यांग दर्जी की मौत, गांव में मातम

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 23 फ़रवरी (हि.स.)।

सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी 56 वर्षीय गौतम राम की झरही नदी में डूबने से मौत हो गई। वे पेशे से दर्जी थे और मैरवा बाजार स्थित एक दुकान पर कपड़े सिलाई का काम करते थे। दिव्यांग होने के बावजूद वे रोजाना गांव से बाजार तक गाड़ी से आना-जाना करते थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे रोज की तरह काम पर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में उन्हें शौच की जरूरत महसूस हुई, जिसके बाद वे आश्रम के समीप झरही नदी किनारे चले गए। बताया जाता है कि नदी के पास लाठी के सहारे संतुलन बनाने की कोशिश के दौरान उनका बैलेंस बिगड़ गया और वे नदी में गिर पड़े। पानी गहरा होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और डूबने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद मैरवा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गौतम राम मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे। शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के बावजूद वे आत्मनिर्भर जीवन जी रहे थे और अपने परिवार का भरण-पोषण स्वयं करते थे।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story