1100 दीपों की रोशनी से जगमगाया श्रीवामन भगवान का प्रांगण

WhatsApp Channel Join Now
1100 दीपों की रोशनी से जगमगाया श्रीवामन भगवान का प्रांगण


बक्सर, 20 नवंबर (हि.स.)।

देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्रीवामन भगवान के प्रांगण में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस अवसर पर वामन चेतना मंच एवं वामन ग्लोबल की ओर से 1100 दीपों का भव्य प्रज्वलन किया गया। दीपों की रोशनी से पूरा प्रांगण जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में कमेटी के सदस्यों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। इस दौरान शहर के कई समाजसेवी, आयोजन समिति से जुड़े सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलन में भाग लेकर आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को बढ़ाया।

इस मौके पर देवउठनी एकादशी के धार्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं और इसी के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इस पावन तिथि पर भगवान शालिग्राम और तुलसी माता की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। घरों में भी महिलाएं घी के दीप जलाकर सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करती हैं। 1100 दीपों के सामूहिक प्रज्वलन ने न केवल धार्मिक आस्था को अभिव्यक्त किया, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का संदेश भी दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story