बक्सर बीट्स 2.0 में दिखी युवाओं की प्रतिभा, खिलाड़ियों का हुआ सम्मान, उद्यमिता और नशामुक्त समाज का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर बीट्स 2.0 में दिखी युवाओं की प्रतिभा, खिलाड़ियों का हुआ सम्मान, उद्यमिता और नशामुक्त समाज का दिया संदेश


बक्सर बीट्स 2.0 में दिखी युवाओं की प्रतिभा, खिलाड़ियों का हुआ सम्मान, उद्यमिता और नशामुक्त समाज का दिया संदेश


बक्सर, 27 नवंबर (हि.स.)। युवाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को बक्सर बीट्स 2.0 कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं सहायक समाहर्ता फर्खंदा कुरैशी की उपस्थिति रही। इस दौरान जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में उद्यमियों के साथ युवाओं का संवाद विशेष आकर्षण रहा। इसमें उद्यमियों ने अपनी संघर्षपूर्ण यात्रा, अनुभव और सफलता की कहानी साझा की। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। युवाओं को संदेश दिया गया कि वे केवल रोजगार तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाले भी बनें।

वहीं, नशामुक्त बिहार अभियान के तहत 'युवा जोश-नशामुक्त समाज का संकल्प' विषय पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में करना चाहिए। खेल, शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से अपनी पहचान बनाएं तथा नशे जैसी विनाशकारी प्रवृत्तियों से दूर रहें।

उन्होंने युवाओं से नशामुक्त बिहार अभियान को व्यक्तिगत एवं सामाजिक संकल्प बनाने की अपील की। कहा कि युवा अपने मित्रों, परिवार और समुदाय के बीच जागरूकता फैलाकर नशे के खिलाफ सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें। बक्सर बीट्स 2.0 का उद्देश्य युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शन, अनुभव साझा करने, उद्यमिता और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story