बिहार के बगहा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

पश्चिम चम्पारण (बगहा) ,24 जुलाई(हि.स. )। बगहा पुलिस जिला के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खटौरी गांव में नवविवाहिता का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में बिस्तर पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।मृतका की पहचान प्रियंका देवी ,उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। वह खटौरी गांव निवासी चंदन कुमार की पत्नी थी। प्रियंका का मायका बगहा के पटखौली थाना क्षेत्र के जयनगर गांव में है। वह पूर्णमासी राम की पुत्री थी।

घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और प्रियंका की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है।मायके वालों के अनुसार प्रियंका की शादी करीब आठ से नौ महीने पहले चंदन कुमार के साथ हुई थी। विवाह के कुछ ही महीनों बाद हुई उनकी संदिग्ध मौत से परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।रामनगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story