नवविवाहिता जूही की संदिग्ध मौत, पति समेत तीन पर दहेज हत्या का केस

WhatsApp Channel Join Now
नवविवाहिता जूही की संदिग्ध मौत, पति समेत तीन पर दहेज हत्या का केस


किशनगंज, 06 जुलाई (हि.स.)। शहर में नवविवाहिता जूही बेगम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सदर थाना पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।

मृतका का शव 4 जुलाई सुबह रेलवे ट्रैक से क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ था। घटना के बाद से नामजद सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

मृतका के पिता कुर्बान अंसारी के आवेदन पर पति तनवीर आलम, उसके बड़े भाई शमशेर आलम और छोटे भाई के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तनवीर आलम ने पहले जूही का उसके पहले पति से तलाक कराया और 17 मई 2026 को उससे निकाह किया। निकाह के कुछ ही दिनों बाद पति और उसके परिजनों ने पांच लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी और मांग पूरी नहीं होने पर जूही को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

परिजनों का कहना है कि कई बार स्थानीय स्तर पर पंचायत कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष दहेज की मांग पर अड़ा रहा। आरोप है कि 1 जुलाई को तनवीर आलम जूही को मायके छोड़ गया और कहा कि पांच लाख रुपये लेकर ही ससुराल आना, अन्यथा आत्महत्या कर लेना।

परिजनों के अनुसार, 3 जुलाई को मामले के समाधान के लिए पंचायत बुलाई गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष उसमें शामिल नहीं हुआ। उसी रात करीब नौ बजे तनवीर ने फोन कर जूही को घर के बाहर बुलाया, जहां कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज की और आत्महत्या के लिए उकसाया। इसके बाद वह वहां से चला गया।

परिजनों का आरोप है कि लगातार दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर जूही देर रात घर से निकल गई और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। शनिवार 4 जुलाई सुबह रेलवे ट्रैक के किलोमीटर संख्या 88/8-9 के बीच उसका शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सोमवार को सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story