भजन-कीर्तन से लापता हीरालाल का श्मशान के पास मिला शव, जांच जारी

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 02 नवंबर (हि.स.)। जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरसोता गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नरकटिया श्मशान घाट के समीप एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतक खरसोता निवासी हीरालाल मंडल है। इस रहस्यमयी घटना के बाद से परिजन में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्याप्त है। परिजनों ने स्पष्ट तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

कीर्तन में गए थे, सुबह मिला शव

परिजनों के अनुसार, हीरालाल मंडल स्थानीय स्तर पर धार्मिक गतिविधियों व भजन-कीर्तन से जुड़े रहते थे। वे रविवार शाम गांव में ही आयोजित एक कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। सुबह जब ग्रामीण नरकटिया श्मशान घाट की ओर गए, तो वहां पेड़ से उनका शव लटकता देख सन्न रह गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

एफसीएल टीम ने एकत्र किए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही बारसोई के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एवं स्थानीय थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक जांच हेतु फॉरेंसिक साइंस प्रयोगशाला की टीम को तत्काल बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर महत्वपूर्ण भौतिक व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।

पुरानी रंजिश समेत सभी कोणों से जांच जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन छानबीन की जा रही है। आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित बिंदुओं पर पड़ताल जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजे आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। प्रशासन ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों को शीघ्र कानून के शिकंजे में लाने का भरोसा दिया है। वहीं, इलाके में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और एहतियात के तौर पर पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story