सिपाही भर्ती परीक्षा में पकड़ा गया संदिग्ध अभ्यर्थी सहरसा पुलिस के हवाले
किशनगंज, 29 जून (हि.स.)। बिहार पुलिस दूरसंचार (सिपाही-प्रचालक) भर्ती परीक्षा के दौरान किशनगंज में हिरासत में लिए गए संदिग्ध अभ्यर्थी को सोमवार सुबह सहरसा पुलिस अपने साथ ले गई। मामले में सॉल्वर गिरोह से संभावित संबंधों की जांच अब सहरसा पुलिस करेगी। जानकारी के अनुसार, रविवार को सहरसा में सॉल्वर गिरोह की आशंका में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था।
उनकी व्हाट्सएप चैट की जांच के दौरान किशनगंज के एक परीक्षार्थी से जुड़े अहम सुराग मिले। इसके आधार पर किशनगंज सदर थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चकला परीक्षा केंद्र से एक अभ्यर्थी को हिरासत में लिया गया। एसडीपीओ-1 खुशरू सिराज ने बताया कि सहरसा पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर उक्त परीक्षार्थी को हिरासत में लिया गया था। चूंकि मामला सहरसा में गिरफ्तार संदिग्धों से जुड़ा हुआ है, इसलिए आरोपी को आगे की पूछताछ और जांच के लिए सहरसा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सहरसा में गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की व्हाट्सएप चैट में किशनगंज के इस अभ्यर्थी से संबंधित बातचीत मिली है। प्रारंभिक जांच में एडमिट कार्ड भेजने और प्रश्नों के समाधान को लेकर बातचीत के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर पुलिस सॉल्वर गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि भर्ती परीक्षा में किसी संगठित गिरोह के माध्यम से धांधली का प्रयास तो नहीं किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

