सुशील कुमार मोदी की पुण्यतिथि पर 13 मई को आयोजित होगा श्रद्धांजलि समारोह

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 09 मई (हि.स.)। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 13 मई को कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राजेंद्र नगर स्थित सुशील कुमार मोदी पार्क में सुशील कुमार मोदी स्मृति शोध संस्थान के तत्त्वावधान में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संस्थान से जुड़े सदस्यों द्वारा आज स्थल का निरीक्षण किया गया तथा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, आगंतुकों के स्वागत, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

उपस्थित कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु सक्रिय सहभागिता का आह्वान भी किया गया। सुशील कुमार मोदी ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का कार्य किया। वित्तीय प्रबंधन, सुशासन, पारदर्शिता तथा जनहित के मुद्दों पर उनकी स्पष्ट सोच और प्रतिबद्धता ने उन्हें जनमानस के बीच विशेष सम्मान दिलाया। उनका संपूर्ण जीवन सार्वजनिक मूल्यों, सादगी और शुचिता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है।

13 मई को आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story