बसपा के पूर्व जोनल प्रभारी सुरेंद्र कुमार दास समर्थकों के साथ कांग्रेस में हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
बसपा के पूर्व जोनल प्रभारी सुरेंद्र कुमार दास समर्थकों के साथ कांग्रेस में हुए शामिल


पटना, 18 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जोनल प्रभारी एवं गड़खा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार दास ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सुरेंद्र कुमार दास एवं उनके समर्थकों का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के विचारों से प्रभावित होकर सुरेंद्र कुमार दास ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है।

उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए ‘सृजन साथी’ अभियान चलाया जा रहा है। पार्टी में शामिल हुए सभी नए साथियों से उन्होंने आह्वान किया कि वे सृजन साथी अभियान को पूरी ताकत दें और संगठन को मजबूत करते हुए राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करें।

कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि आज बड़ी संख्या में लोगों का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि बिहार में कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मुद्दों को लेकर मजबूती से संघर्ष करती रहेगी। छात्रों, युवाओं,किसानों, मजदूरों और महिलाओं के लिए कांग्रेस पार्टी ही लगातार मुखर होकर काम कर रही है और जनस्वीकृति हमारे पार्टी के प्रति बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई को कांग्रेस कमजोर नहीं पड़ने देगी।

कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से उपेंद्र प्रसाद, मुकेश कुमार दास, सत्यम प्रकाश रजक, मो. अशरफ, कपिल ठाकुर, कन्हैया लाल चौधरी एवं नूर जहां शामिल हैं।

इस अवसर पर अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, ब्रजेश प्रसाद मुनन, मिन्नत रहमानी एवं डॉ. अमन कुमार सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story