पर्व-त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडालों से जुलूस तक सुरक्षा के कड़े निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पर्व-त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडालों से जुलूस तक सुरक्षा के कड़े निर्देश


पर्व-त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडालों से जुलूस तक सुरक्षा के कड़े निर्देश


बक्सर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सोमवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था एवं पर्व-त्योहारों की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। पूजा पंडालों में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, पर्याप्त प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण और आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।

जुलूस एवं शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग और समय का पालन तथा आवश्यक अनुमति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप ही कराने तथा अश्लील, अभद्र एवं आपत्तिजनक गीतों पर पूर्ण रोक लगाने को कहा गया।

मूर्ति विसर्जन स्थलों एवं मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल, प्रकाश, बैरिकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, नियमित गश्त और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। आवश्यकता के अनुसार फ्लैग मार्च कराने का भी निर्देश दिया गया।

प्रमुख पूजा स्थलों, पंडालों एवं जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ व्यवस्था सक्रिय रखने और जरूरत के अनुसार महिला पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया।

सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पर सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने आम लोगों से भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story