कटिहार में 'सुरक्षित बचपन अभियान' का आगाज, बच्चों को सिखाए जाएंगे पॉक्सो कानून और सुरक्षा के गुर

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में 'सुरक्षित बचपन अभियान' का आगाज, बच्चों को सिखाए जाएंगे पॉक्सो कानून और सुरक्षा के गुर


कटिहार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के दिशा-निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय से देशव्यापी 'सुरक्षित बचपन अभियान 2026' का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम 2012 तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम का उद्घाटन सब-जज सह सचिव कमलेश सिंह ढेऊ, मुख्य न्याय रक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, तटवासी समाज न्यास (कवच परियोजना) के प्रबंधक मो. फारुख आलम, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक प्रभा पाण्डेय एवं प्रभारी प्राचार्य उदयशंकर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

शारीरिक स्वायत्तता और 'गुड टच-बैड टच' की दी जाएगी समझ

समारोह को संबोधित करते हुए डीएलएसए सचिव कमलेश सिंह ढेऊ ने कहा कि बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान के जरिए बच्चों में शारीरिक स्वायत्तता तथा सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की आयु-अनुकूल समझ विकसित की जाएगी। योजना के तहत प्रत्येक प्रतिभागी विद्यालय से दो शिक्षकों को 'प्रभारी शिक्षक' के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है, जो नवंबर 2027 तक पूरे वर्ष स्कूलों में निरंतर जागरूकता सत्रों का संचालन करेंगे। मुख्य न्याय रक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों को कानूनी संरक्षण की जानकारी देते हुए आपात स्थिति में नालसा हेल्पलाइन (15100), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) और साइबर अपराध हेल्पलाइन (1930) के उपयोग के बारे में बताया।

छह थीमों पर आधारित होगा 5 दिवसीय विशेष अभियान

शिक्षा विभाग की ओर से अभियान के प्रथम चरण (26 से 30 अक्टूबर) के तहत 6 प्रमुख विषयों पर दैनिक गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई है। इसमें बाल अधिकार व पॉक्सो पर परिचर्चा (मेरा बचपन, मेरा अधिकार), विधिक सहायता हेल्प डेस्क (कानून जानो, बचपन बचाओ), ऑनलाइन सुरक्षा व सेक्सटॉर्शन से बचाव (सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन), शारीरिक सुरक्षा काउंसलिंग (बोलो, बताओ, बचाओ), बाल विवाह व शोषण के खिलाफ प्रभात फेरी व नुक्कड़ नाटक (ना बाल विवाह, ना बाल शोषण) तथा चित्रकला व क्विज़ प्रतियोगिताएं (जागरूक बचपन, सशक्त भारत) आयोजित की जाएंगी।

जिले के 91 स्कूलों में 'कवच' टीम संभालेगी कमान

कवच परियोजना के प्रबंधक मो० फारुख आलम ने बताया कि तटवासी समाज न्यास के कार्यकर्ता जिले के चिन्हित 91 सरकारी माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षा विभाग और डीएलएसए के समन्वय से 31 अक्टूबर तक इस सघन अभियान को संचालित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767119 Articles

Share this story