रात में एसपी ने विभिन्न थानों का किया निरीक्षण, गश्ती व्यवस्था का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
रात में एसपी ने विभिन्न थानों का किया निरीक्षण, गश्ती व्यवस्था का लिया जायजा


सुपौल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और रात्रिकालीन पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस द्वारा देर रात जिले के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों में रात्रिकालीन ड्यूटी व्यवस्था, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की तैनाती तथा उनकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर पहुंचकर रात्रि ड्यूटी में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता, जिम्मेदारियों के निर्वहन और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों की भी समीक्षा की।

इस दौरान थाना की रात्रिकालीन व्यवस्था से संबंधित आवश्यक अभिलेखों और सुरक्षा इंतजामों का भी जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थानों में तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों को रात्रि के दौरान विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रात के समय किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या सूचना मिलने पर पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, बाजार एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चल रही रात्रिकालीन पुलिस गश्ती व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने गश्ती दलों की सक्रियता, वाहनों की आवाजाही, प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की स्थिति की जानकारी ली। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि रात्रि गश्ती को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि गश्ती दल लगातार अपने निर्धारित क्षेत्र में भ्रमण करते रहें। संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि नजर आने पर तत्काल जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

उन्होंने रात्रि के दौरान विधि-व्यवस्था की स्थिति पर विशेष नजर रखने, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी पेट्रोलिंग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस कर्मियों को आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और सूचना मिलने पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक के रात्रिकालीन निरीक्षण से जिले में पुलिस की सक्रियता और निगरानी व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश गया है।

पुलिस विभाग की ओर से रात्रि में लगातार गश्ती, चेकिंग और निगरानी के माध्यम से अपराध पर नियंत्रण तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story