भागलपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शुरू हुई इनडोर सेवा, 160 बेड पर भर्ती होकर इलाज करा सकेंगे गंभीर मरीज

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शुरू हुई इनडोर सेवा, 160 बेड पर भर्ती होकर इलाज करा सकेंगे गंभीर मरीज


भागलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। भागलपुर सहित पूरे पूर्वी बिहार और अंग क्षेत्र के मरीजों के लिए गुरुवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। लंबे इंतजार के बाद सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 19 नवंबर से विधिवत रूप से इनडोर सेवा (वार्ड संचालन) की शुरुआत कर दी गई। भागलपुर विधायक रोहित पांडेय ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल और अस्पताल अधीक्षक डॉ. एचपी दूबे की मौजूदगी में इस सेवा का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस 200 बेड की क्षमता वाले अस्पताल में फिलहाल 160 बेड के साथ इनडोर सेवा शुरू की गई है। अब यहां कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजज, न्यूरो सर्जरी, यूरो सर्जरी और प्लास्टिक सर्जरी विभाग के गंभीर मरीजों को भर्ती कर नियमित निगरानी और आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

गौरतलब है कि इससे पहले यहां केवल ओपीडी, एमआरआई, सीटी स्कैन, ईको और डायलिसिस की ही सुविधा उपलब्ध थी, जिसके कारण गंभीर मरीजों को मजबूरन पटना या राज्य से बाहर जाना पड़ता था। उद्घाटन के बाद विधायक रोहित पांडेय ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और भर्ती हुए शुरुआती मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण इनडोर सेवा शुरू होने में थोड़ा विलंब हुआ, लेकिन अब काफी हद तक इस कमी को दूर कर लिया गया है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि अस्पताल में जो भी शेष तकनीकी या मानव संसाधन की कमियां हैं, उन्हें अगले एक से दो महीनों में पूरी तरह दूर कर लिया जाएगा। इनडोर सेवा शुरू होने से भागलपुर के अलावा बांका, मुंगेर, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया और झारखंड के सीमावर्ती जिलों सहित करीब एक दर्जन जिलों के मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story