सुपौल में पहली बार खुलेगा ‘क्रिएचर वेलफेयर होम’ रेस्क्यू सेंटर, घायल व असहाय जानवरों को मिलेगा इलाज और आश्रय
सुपौल, 14 अप्रैल (हि.स.)। जिले में पहली बार घायल और असहाय जानवरों के लिए “क्रिएचर वेलफेयर होम (जीव कल्याण गृह)” नाम से एक रेस्क्यू सेंटर शुरू होने जा रहा है।
इस सेंटर में सड़क दुर्घटना में घायल, बीमार या लावारिस पशुओं का इलाज, भोजन और देखभाल की व्यवस्था की जाएगी। अक्सर देखा जाता है कि सड़क पर घायल या बीमार जानवरों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता और वे तड़प-तड़प कर दम तोड़ देते हैं। कई बार उनके लिए एंबुलेंस या मदद भी नहीं पहुंचती। ऐसे में यह रेस्क्यू सेंटर जानवरों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा।
इस पहल से जुड़े विशाल कुमार पिछले 9 वर्षों से सांपों का रेस्क्यू करने के साथ-साथ अन्य जानवरों की भी मदद करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि प्रकृति के संतुलन के लिए जानवरों का सुरक्षित रहना बेहद जरूरी है और इंसानों को उनके संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
रेस्क्यू सेंटर को धीरे-धीरे और भी विस्तारित किया जाएगा। यहां करीब 50 से अधिक कुत्तों, 40 से अधिक बंदरों और 20 से अधिक बछड़ों की देखभाल की व्यवस्था की जाएगी।
इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि सुपौल और आसपास के क्षेत्रों में घायल और असहाय जानवरों को नया जीवन मिल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

