सुपौल में बच्ची की मौत, परिजनों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में बच्ची की मौत, परिजनों में आक्रोश


सुपौल में बच्ची की मौत, परिजनों में आक्रोश


सुपौल, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराखुर्द चौक पर एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां झोलाछाप डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के बाद 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

मिली जानकारी के अनुसार, पिपराखुर्द वार्ड संख्या 6 निवासी सिताराम शर्मा की नातिन शिवानी कुमारी को तेज बुखार था। परिजन उसे इलाज के लिए गांव के चौक स्थित एक मेडिकल दुकान पर ले गए। दुकान संचालक विद्यानंद मंडल, जो स्वयं को ग्रामीण चिकित्सक बताते हैं, ने बच्ची को इंजेक्शन लगाया। उस समय बच्ची का तापमान करीब 102 डिग्री बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, देर शाम करीब आठ बजे इंजेक्शन लगवाकर वे बच्ची को घर ले आए। लेकिन करीब 20 मिनट के भीतर ही उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। बच्ची के हाथ-पैर सिकुड़ने लगे और वह अचेत होने लगी। स्थिति गंभीर देख परिजन घबराकर उसे दोबारा उसी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन बच्ची को राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अंजार अहमद ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

मृतका के मामा रंजीत कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी भांजी की मौत झोलाछाप डॉक्टर द्वारा लगाए गए गलत इंजेक्शन के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि इंजेक्शन लगते ही बच्ची की हालत बिगड़ गई थी, जो स्पष्ट रूप से लापरवाही का मामला है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना वैध डिग्री के ग्रामीण क्षेत्रों में इलाज कर रहे ऐसे लोगों पर प्रशासन की लापरवाही के कारण ही इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

वहीं, आरोपित विद्यानंद मंडल ने अपने बचाव में कहा कि उन्होंने केवल बुखार के इलाज के लिए सामान्य इंजेक्शन दिया था। उनका कहना है कि वे पिछले 35 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्र में लोगों का इलाज करते आ रहे हैं और उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की है।

इधर, स्थानीय थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवेदन मिलने के बाद जांच की जाएगी। यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story