रामानुजन और सीवी रमन टैलेंट सर्च टेस्ट को लेकर सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में तैयारी पूरी

WhatsApp Channel Join Now
रामानुजन और सीवी रमन टैलेंट सर्च टेस्ट को लेकर सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में तैयारी पूरी


सुपौल, 24 नवंबर (हि.स.)। बिहार सरकार के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय 'श्रीनिवास रामानुजन टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथमेटिक्स 2026' एवं 'सर सीवी रमन टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस 2027' की ऑनलाइन परीक्षा को लेकर सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय (एससीई) में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एएन मिश्रा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में परीक्षा के नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार मंडल और डॉ. आदित्य मिश्रा ने परीक्षा केंद्र से संबंधित तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिता परीक्षा 25 एवं 26 नवंबर 2026 तथा 3 एवं 4 दिसंबर 2026 को महाविद्यालय परिसर स्थित कंप्यूटर लैब में आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को सुबह नौ बजे तथा द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे रिपोर्टिंग करनी होगी।नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार मंडल ने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए कंप्यूटर सिस्टम की जांच, निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी और परीक्षार्थियों की सुविधा से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए महाविद्यालय के संकाय सदस्यों को वीक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।वहीं, प्राचार्य डॉ. एएन मिश्रा ने जिले के सभी पंजीकृत छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अपने प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और वैध पहचान पत्र के साथ निर्धारित रिपोर्टिंग समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें। इससे प्रवेश एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सकेगी और परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story