सुपौल में धान के खेत से युवक का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में धान के खेत से युवक का शव बरामद


सुपौल, 17 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के चैनसिंहपट्टी वार्ड संख्या-02 में शुक्रवार सुबह धान के खेत (चउर) से 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान नथनी सादा के पुत्र डोमा सादा के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात डोमा सादा मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।शुक्रवार सुबह गांव की महिलाएं धान रोपने के लिए खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान उन्होंने चउर में एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर वह डोमा सादा निकला। इसके बाद तत्काल परिजनों और सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजन के अनुसार, डोमा सादा परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

सदर थानाध्यक्ष राम सेवक रावत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति या आपराधिक तथ्य सामने आते हैं, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story