सुपौल के सिमराही पहुंचे पर्यावरण मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल के सिमराही पहुंचे पर्यावरण मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत


सुपौल के सिमराही पहुंचे पर्यावरण मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत


सुपौल, 17 अगस्त (हि.स.)। बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ० रामचंद्र प्रसाद जिले के सिमराही पहुंचे। उनके आगमन पर स्थानीय भाजपा एवं एनडीए कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। मंत्री सिमराही स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया के आवास पर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद के आगमन पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया ने उन्हें अंगवस्त्र, पाग एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन करते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों तथा संगठनात्मक गतिविधियों से संबंधित विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव एवं जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने भी मंत्री का स्वागत अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर किया। दोनों नेताओं ने क्षेत्र की संगठनात्मक गतिविधियों और स्थानीय जनहित के मुद्दों पर मंत्री जी से विस्तार पूर्वक संवाद किया।

मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, सीमा कुशवाहा, नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा, राजकुमार पौद्दार सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं एनडीए के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। अपने संबोधन में मंत्री डॉ० रामचंद्र प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा क्षेत्र की समस्याओं को उचित माध्यम से सरकार तक पहुंचाने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि संगठन की मजबूती ही जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने का आधार है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े कई सुझाव भी साझा किए। मंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया। मंत्री के आगमन और कार्यकर्ताओं के साथ हुए संवाद को स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण और उत्साहवर्धक बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story