सुपौल में दर्दनाक हादसा: नहर में पलटा ट्रैक्टर, दबकर युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में दर्दनाक हादसा: नहर में पलटा ट्रैक्टर, दबकर युवक की मौत


सुपौल, 29 मई (हि.स.)। जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक युवक की मौत हो गई। खेत की जुताई कर घर लौटने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दब गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान राजेश्वरी पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या-13 निवासी फूलचंद यादव (35) के रूप में हुई है। वह भूपेंद्र यादव के पुत्र बताए जा रहे हैं।परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक फूलचंद यादव शुक्रवार को अपने घर के पास खेत जोतने गए थे। जुताई का काम खत्म करने के बाद वह ट्रैक्टर लेकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान नहर किनारे बने सड़क मार्ग पर ट्रैक्टर अचानक असंतुलित हो गया और सड़क से नीचे नहर में जा पलटा।

हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से फूलचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला।

गंभीर हालत में परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की मां पालो देवी, पत्नी मुन्नी देवी, 12 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार और 11 वर्षीय पुत्री मिठ्ठी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव के लोगों ने बताया कि फूलचंद मेहनतकश किसान थे और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

इधर, राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगल किशोर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद बिना पोस्टमार्टम के ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story