सुपौल में सड़क हादसे में बुजुर्ग किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में सड़क हादसे में बुजुर्ग किसान की मौत


सुपौल, 22 मई (हि.स.)। जिले के छातापुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई।

घटना घीवाह पंचायत की बताई जा रही है, जहां खाद लेकर घर लौट रहे एक वृद्ध को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है।

मृतक की पहचान छातापुर पंचायत वार्ड संख्या-4 निवासी करीब 73 वर्षीय सिंहेश्वर मंडल के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि वे खाद लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पंचायत सरकार भवन के समीप एसएच-91 पर जदिया की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वे सड़क पर सिर के बल गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) छातापुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिजनों ने बताया कि सदर अस्पताल में इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

चिकित्सकों के अनुसार हादसे में वृद्ध के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई थी, जिससे उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी जानकी देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

मृतक के तीनों पुत्र रोजगार के सिलसिले में बिहार से बाहर रहते हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद वे भी घर लौट रहे हैं। मामले को लेकर छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार झा ने बताया कि घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत होने की सूचना मिली है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है तथा फरार बाइक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story