सुपौल में सड़क हादसे में घायल कारपेंटर की इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में सड़क हादसे में घायल कारपेंटर की इलाज के दौरान मौत


सुपौल, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना एनएच-27 पर गढ़िया गांव के पास हुई। मृतक की पहचान पिपरा खुर्द पंचायत के नारायणपुर गांव वार्ड-7 निवासी शिवन मेहता के 26 वर्षीय पुत्र महेश कुमार के रूप में की गई है।

बताया जा रहा है कि बुधवार की रात महेश कुमार सिमराही बाजार से अपने एक मजदूर को छोड़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गढ़िया गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल सिमराही में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें नेपाल के विराटनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक महेश कुमार अपने घर के पास ही हाईवे किनारे छड़-सीमेंट तथा खिड़की-दरवाजा बनाने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि महेश कुमार तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे।

इस मामले में भपटियाही थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना को लेकर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story