सुपौल में 30,331 लाभुकों को जारी किया गया नया राशन कार्ड, नए डीलरों को मिली अनुज्ञप्ति

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में 30,331 लाभुकों को जारी किया गया नया राशन कार्ड, नए डीलरों को मिली अनुज्ञप्ति


सुपौल, 12 नवंबर (हि.स.)। जिले में पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नए राशन कार्ड जारी करने और जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति देने की पहल की गई है।

गुरुवार को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार के तत्वावधान में पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पात्र लाभुकों के बीच नए राशन कार्ड तथा नवनियुक्त जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति वितरित की।

इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव कुमार, नए राशन कार्ड प्राप्त करने वाले लाभुक और नव चयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेता शामिल हुए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने भी सुपौल जिले के दर्जनों पात्र लाभुकों के बीच नए राशन कार्ड तथा नवनियुक्त जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति प्रदान की।

जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि जिले में नए राशन कार्ड बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक करीब 30,331 राशन कार्डधारियों को नया राशन कार्ड निर्गत किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों तक खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

डीएम ने नए राशन कार्ड प्राप्त करने वाले सभी पात्र परिवारों से निर्धारित समय पर जन वितरण प्रणाली दुकानों से खाद्यान्न का उठाव करने की अपील की। वहीं, नवनियुक्त जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को पारदर्शिता और नियमानुसार खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए और लाभुकों को उनके निर्धारित हक का खाद्यान्न मिलना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775826 Articles

Share this story