सुपौल में कहर बनकर बरसी ओलावृष्टि, फसलों और घरों को भारी नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में कहर बनकर बरसी ओलावृष्टि, फसलों और घरों को भारी नुकसान


सुपौल में कहर बनकर बरसी ओलावृष्टि, फसलों और घरों को भारी नुकसान


सुपौल, 26 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड सहित कई इलाकों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी के साथ हुई भारी बारिश और भीषण ओलावृष्टि ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। इस दौरान आसमान से बड़े-बड़े पत्थर जैसे ओले गिरने लगे, जिसने फसलों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया।

स्थानीय लोगों और किसानों के अनुसार, ओलों का आकार असामान्य रूप से बड़ा था, जिससे खेतों में खड़ी फसलें पलभर में बर्बाद हो गईं। खासकर आम की फसल को सबसे ज्यादा क्षति हुई है—पेड़ों से फल टूटकर जमीन पर बिखर गए। इसके अलावा गेहूं और अन्य फसलें भी इस मार से नहीं बच सकीं।

तेज हवाओं और ओलों की मार से कई कच्चे मकान और टिन-शेड वाले घरों को भी नुकसान पहुंचा है। अचानक बदले मौसम ने लोगों को संभलने का मौका नहीं दिया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मौसम विभाग ने पहले ही उत्तर बिहार के कई जिलों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया था, जिसमें सुपौल भी शामिल था। फिलहाल प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story