सुपौल स्टेशन पर युवा कांग्रेस का धरना, रेल मंत्री को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल स्टेशन पर युवा कांग्रेस का धरना, रेल मंत्री को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा


सुपौल, 20 फ़रवरी (हि.स.)। रेलवे स्टेशन सुपौल के परिसर में गुरुवार को बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रेल मंत्री के नाम पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए सुपौल जिले के साथ हो रही कथित उपेक्षा पर नाराजगी जताई।

धरना को संबोधित करते हुए लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि केंद्र सरकार एवं रेल विभाग सुपौल के साथ दोहरी नीति अपना रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के यात्रियों, व्यापारियों और युवाओं की सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ज्ञापन में हाट-बजारे एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन सहरसा के स्थान पर सुपौल से प्रारंभ करने की मांग की गई है। उनका तर्क है कि इससे जिले के व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार और शिक्षा के लिए बाहर जाने वाले युवाओं को सुविधा मिलेगी।

इसके अतिरिक्त गढ़ बरूआरी एवं सुपौल स्थित बंद माल गोदामों को पुनः संचालित करने की मांग उठाई गई है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में इन गोदामों के चालू रहने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध थे, जिन्हें पुनः बहाल किया जाना आवश्यक है।

साथ ही सुपौल-जखराही रेलवे ढाला तथा गढ़ बरूआरी प्लेटफॉर्म पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने, एकमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म के ऊंचीकरण एवं आवश्यक सुरक्षा कार्यों को पूर्ण कराने की भी मांग की गई है।

ज्ञापन में वैशाली एक्सप्रेस था जोगबनी एक्सप्रेस का ठहराव गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया है। इस संबंध में पूर्व में दिए गए आश्वासन का हवाला देते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी दिनों में रेल अधिकारियों से मिलकर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में संजय सिंह, मुन्ना सिंह, संगीता देवी, अर्चना कुमारी, शबनम कुमारी, सरोज देवी, सुनील कुमार, मनोज कुमार, मालती कुमारी, अशोक कुमार, राजू कुमार, कुंदन कुमार, शत्रुघ्न जी, मनोज पासवान, मोहम्मद उस्मान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story