सुपौल में पुलिस अधीक्षक का जन संवाद कार्यक्रम, लोगों की समस्याएं सुन त्वरित समाधान के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में पुलिस अधीक्षक का जन संवाद कार्यक्रम, लोगों की समस्याएं सुन त्वरित समाधान के दिए निर्देश


सुपौल, 04 मई (हि.स.)। जिले में आम जनता और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक सरथ आर एस, के नेतृत्व में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्वयं उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने हर शिकायत को ध्यानपूर्वक दर्ज करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान निकालने का प्रयास किया गया, जबकि जटिल मामलों को जल्द से जल्द निष्पादित करने का आश्वासन दिया गया।

जन संवाद कार्यक्रम में जमीन विवाद, आपसी मारपीट, चोरी, घरेलू हिंसा, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध समेत कई प्रकार की शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और सभी मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से जन संवाद कार्यक्रम आयोजित करें, ताकि लोगों की समस्याएं स्थानीय स्तर पर ही सुनी और सुलझाई जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा और विश्वास को बनाए रखना है, जिसके लिए संवेदनशीलता और तत्परता जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story