सुपौल पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, चार थानों के थानाध्यक्ष बदले

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, चार थानों के थानाध्यक्ष बदले


सुपौल, 09 जून (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था के बेहतर संचालन और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सुपौल पुलिस प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।

पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने जिले के चार प्रमुख थानों के थानाध्यक्षों का स्थानांतरण करते हुए नए पुलिस निरीक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी है। वर्तमान थानाध्यक्षों को पुलिस केंद्र सुपौल में योगदान देने का आदेश दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार अनुसूचित जाति एवं जनजाति थाना के थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी को अब भपटियाही थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पुलिस कार्यालय में पदस्थापित किशोर कुमार को पिपरा थाना की कमान सौंपी गई है। इसी प्रकार पुलिस कार्यालय, सुपौल में कार्यरत संजय दास को बीरपुर थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पुलिस कार्यालय में तैनात अनिरुद्ध कुमार को भीमपुर थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है।

नए पदस्थापित अधिकारियों को शीघ्र ही अपने-अपने थानों का कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। दूसरी ओर वर्तमान में संबंधित थानों में कार्यरत अधिकारियों को पुलिस केंद्र सुपौल भेजा गया है।

आदेश के तहत भपटियाही थाना के थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे, पिपरा थाना के थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा, बीरपुर थाना के थानाध्यक्ष राज किशोर मंडल तथा भीमपुर थाना के थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पांडेय को पुलिस केंद्र सुपौल में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण की रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।

प्रशासन का मानना है कि नए अधिकारियों के अनुभव और कार्यशैली से संबंधित क्षेत्रों में पुलिसिंग को नई गति मिलेगी तथा आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध हो सकेगी। पुलिस अधीक्षक द्वारा लिए गए इस निर्णय को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हाल के दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय रहा है और इसी कड़ी में यह प्रशासनिक बदलाव किया गया है। जिलेवासियों की नजर अब नए थानाध्यक्षों की कार्यशैली और उनके नेतृत्व में संबंधित थाना क्षेत्रों में होने वाले बदलावों पर टिकी हुई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध मुक्त, सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण के लिए जिले की पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जाते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story