भिलाई में सुपौल के युवक की ईंट-चिमनी से गिरकर मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

WhatsApp Channel Join Now


सुपौल, 24 मई (हि.स.)। जिले के छपकाही वार्ड नंबर-11 निवासी एक युवक की छत्तीसगढ़ के भिलाई में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद आलम (30 वर्ष), पिता मोहम्मद यूनुस नदाफ के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद आलम भिलाई पुलिस लाइन के पास स्थित ईंट-चिमनी पर मजदूरी का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊंचाई से गिर जाने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि मोहम्मद आलम परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके दो छोटे बेटे हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है। पिता मोहम्मद यूनुस नदाफ ने बताया कि उनका बेटा संतोष चौधरी के यहां काम करता था।

घटना की सूचना मिलते ही गांव और परिवार में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग प्रशासन से की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story