सुपौल में जन एच-106 पर हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में जन एच-106 पर हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत


सुपौल, 12 मई (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमहा के पास एनएच-106 पर सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया। मृतक की पहचान विशनपुर निवासी भूपेंद्र साह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अज्ञात वाहन काफी तेज रफ्तार में था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक सड़क पर दूर जा गिरा। स्थानीय ग्रामीण तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और पुलिस व परिजनों को सूचना दी, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

मृतक के चाचा ने बताया कि भूपेंद्र साह सिंहेश्वर से लौट रहा था या किसी अन्य स्थान से घर आ रहा था, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। परिवार के लोग भोज कार्यक्रम में शामिल थे, तभी अचानक दुर्घटना की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर अज्ञात वाहन की पहचान में जुट गई है।

पिपरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों ने NH-106 की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story