राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित


सुपौल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह के दिशा-निर्देश पर बुधवार को प्राधिकार के सचिव अफजल आलम की अध्यक्षता में कॉन्फ्रेंस हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाना तथा अधिक से अधिक मामलों का निशुल्क और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना था।

बैठक में सुपौल अधिवक्ता संघ के कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र ठाकुर, संघ के सचिव, मोटर दुर्घटना क्लेम से जुड़े अधिवक्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) संजीव कुमार सज्जन, वन विभाग, बिजली विभाग एवं भू-अधिग्रहण विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विशेष रूप से बिजली संबंधी मामलों, मोटर दुर्घटना दावा मामलों तथा अन्य लंबित प्रकरणों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक संख्या में सुलझाने की रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से अपील की गई कि वे पक्षकारों को लोक अदालत के लाभ के बारे में जागरूक करें, ताकि आपसी सहमति से विवादों का शीघ्र समाधान हो सके।

प्राधिकार के सचिव ने कहा कि लोक अदालत न केवल समय और धन की बचत करती है, बल्कि आपसी सहमति से विवादों के समाधान का प्रभावी मंच भी प्रदान करती है। बैठक में संबंधित विभागों को लंबित मामलों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया, ताकि 14 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story