सुपौल में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की डीडीसी ने की समीक्षा, लंबित कार्यों को समय सीमा में पूरा करने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की डीडीसी ने की समीक्षा, लंबित कार्यों को समय सीमा में पूरा करने का निर्देश


सुपौल, 06 नवंबर (हि.स.)। जिले में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (द्वितीय चरण) के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

इस दौरान महादलित टोलों में शौचालय निर्माण एवं लाभुकों को भुगतान, व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (आईएचएचएल) के निर्माण और भुगतान की स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इसके साथ ही सामुदायिक स्वच्छता परिसर (सीएससी) के निर्माण एवं भुगतान, सामुदायिक सोक पिट निर्माण तथा स्वच्छता से जुड़े अन्य कार्यों की प्रखंडवार समीक्षा की गई।

बैठक में स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं कर्मियों के मानदेय भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। उप विकास आयुक्त ने 16वें वित्त आयोग एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (एलएसबीए) से प्राप्त आवंटन के माध्यम से संबंधित कर्मियों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित कार्यों को पूरा करने की स्थिति की जानकारी ली।

इसके अलावा प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई (पीडब्ल्यूएमयू) के माध्यम से प्लास्टिक कचरे के संग्रहण एवं प्रसंस्करण सहित अभियान के विभिन्न घटकों की प्रखंडवार समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। साथ ही लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें, ताकि स्वच्छता अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सके।

बैठक में निदेशक, डीआरडीए, सुपौल, डीपीएम जीविका, जिला समन्वयक एवं जिला सलाहकार उपस्थित थे। वहीं जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक एवं बीपीएम जीविका वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story