सुपौल में खरीफ महाअभियान-2026 के तहत जिला स्तरीय कर्मशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में खरीफ महाअभियान-2026 के तहत जिला स्तरीय कर्मशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित


सुपौल में खरीफ महाअभियान-2026 के तहत जिला स्तरीय कर्मशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित


सुपौल, 08 जून (हि.स.)। कृषि विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में सोमवार को जिला मुख्यालय में शारदीय (खरीफ) महाअभियान-2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय शारदीय (खरीफ) कर्मशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुपौल सुश्री सारा अशरफ (भा.प्र.से.) मुख्य रूप से उपस्थित रहीं और कृषि क्षेत्र में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारियों, प्रखंड कृषि पदाधिकारियों, कृषि समन्वयकों, बीटीएम, सहायक तकनीकी प्रबंधकों (एटीएम), किसान सलाहकारों एवं अन्य कृषि कर्मियों ने भाग लिया।

इस दौरान कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी गई।कर्मशाला में विशेष रूप से शारदीय (खरीफ) महाअभियान, खेत बचाओ महाअभियान, कृषि यांत्रिकीकरण योजना तथा किसानों के लिए संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने योजनाओं के उद्देश्यों, लाभ एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के वरीय वैज्ञानिक ने किसानों एवं कृषि कर्मियों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों से अवगत कराया।

उन्होंने खरीफ फसलों के उन्नत प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण बीजों के चयन, समेकित कीट एवं रोग नियंत्रण, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, पोषक तत्व प्रबंधन तथा कृषि यंत्रों के बेहतर उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने कहा कि सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचाना सभी कृषि कर्मियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने, किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने तथा मृदा स्वास्थ्य के अनुरूप उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के सभी अधिकारी और कर्मी समन्वित प्रयास कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि जिले में कृषि उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story