सुपौल के जदिया थाना हाजत में एक आरोपित की मौत, विरोध में लोगों ने किया हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल के जदिया थाना हाजत में एक आरोपित की मौत, विरोध में लोगों ने किया हंगामा


सुपौल के जदिया थाना हाजत में एक आरोपित की मौत, विरोध में लोगों ने किया हंगामा


सुपौल, 10 जून (हि.स.)। जिले के जदिया थाना हाजत में एक आरोपी की फंदे से झूलकर मौत हो जाने की घटना से बुधवार सुबह इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के रजगांव निवासी 25 वर्षीय बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाना के बाहर जमकर हंगामा किया तथा सड़क जाम कर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि बिट्टू कुमार शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे हिरासत में लेकर जदिया थाना लाई और हाजत में बंद कर दिया। देर रात कथित तौर पर उसने हाजत के अंदर ही फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिजन थाना पहुंच गए और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बिट्टू कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हुई।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग थाना परिसर के आसपास जुट गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए जदिया थाना के आसपास भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस., त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने परिजनों, स्थानीय समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपित ने थाना हाजत में फंदे से झूलकर आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जा रही है तथा पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जांच में यदि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मी की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसपी के आश्वासन और प्रशासनिक पहल के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि पूरे मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story