सुपौल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल
सुपौल, 17 मई (हि.स.)। जिले के वीरपुर इलाके में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान बलभद्रपुर निवासी 25 वर्षीय रोशन कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि हादसा ट्रैक्टर के अनियंत्रित हो जाने के कारण हुआ।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सड़क पर बेलगाम वाहन लगातार हादसों की वजह बन रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

