सुपौल में उमस और गर्मी ने बढ़ाई परेशानी, पसीने से तर-बतर हुए लोग

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में उमस और गर्मी ने बढ़ाई परेशानी, पसीने से तर-बतर हुए लोग


सुपौल, 23 अगस्त (हि.स.)। जिले में मानसून सक्रिय रहने के बावजूद उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।

धूप निकलने के बाद तापमान बढ़ने और वातावरण में नमी अधिक रहने से लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को जिले में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह से ही वातावरण में उमस रहने के कारण घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।

दोपहर के समय बाजार और प्रमुख सड़कों पर भी गर्मी का असर दिखाई दे रहा है। लोग धूप से बचने के लिए छाता, गमछा और अन्य साधनों का सहारा ले रहे हैं।हालांकि, मौसम विभाग ने सुपौल समेत बिहार के कई जिलों में बारिश और तेज हवा की संभावना जताई है। रविवार को सुपौल में भी बारिश-आंधी का पूर्वानुमान है।

इधर, शनिवार को राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। बारिश से धान की फसल को भी फायदा पहुंचा है। पिछले दिनों बारिश नहीं होने से किसान फसल को लेकर चिंतित थे। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच लोगों को तेज धूप और उमस के दौरान पर्याप्त पानी पीने तथा अनावश्यक रूप से दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story