सुपौल में 70 से अधिक दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में 70 से अधिक दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण


सुपौल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सदर प्रखंड स्थित बुनियाद केंद्र परिसर में बुधवार को दिव्यांगजनों के बीच सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांसद दिलेश्वर कामैत की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में 70 से अधिक दिव्यांगजनों को केंद्र सरकार की एडिप योजना के तहत सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद दिलेश्वर कामैत, उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके जीवन को सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने के साथ-साथ सामाजिक जीवन में उनकी भागीदारी बढ़ाने में भी मददगार साबित होते हैं।

सांसद ने वितरण सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद किसी कारणवश कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने वाले दिव्यांगजनों को भी आश्वस्त किया कि वे अपनी सुविधानुसार किसी भी समय बुनियाद केंद्र पहुंचकर अपना सहायक उपकरण प्राप्त कर सकते हैं। एडिप योजना केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से संचालित की जाती है। इसके तहत सरकारी कंपनी एलिम्को के माध्यम से दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, कृत्रिम अंग, बैसाखी, स्मार्ट केन और विशेष शिक्षण सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं।

योजना का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों की कार्यक्षमता बढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा सामाजिक जीवन में उनकी बेहतर भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार, प्रभारी सहायक निदेशक दिव्यांगजन दिवेश कुमार शर्मा, एलिम्को के प्रतिनिधि नंदन यादव, जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, अमर कुमार चौधरी उर्फ भगवान बाबू, रामचंद्र यादव, मो. खुर्शीद आलम, अजय कुमार यादव, शंभू यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story