सुपौल में ईवीएम/वीवीपेट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण संपन्न
सुपौल, 23 मार्च (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के आलोक में सुपौल स्थित ईवीएम/वीवीपेट वेयरहाउस का नियमित निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में आज दिनांक 23 मार्च को पूर्वाह्न 11:00 बजे जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह जिलाधिकारी द्वारा मार्च माह का आंतरिक निरीक्षण किया गया।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार वेयरहाउस का प्रत्येक माह बाह्य निरीक्षण तथा प्रत्येक तीन माह पर आंतरिक निरीक्षण अनिवार्य है। इसी प्रक्रिया के तहत किए गए इस निरीक्षण के दौरान सुरक्षा एवं संरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक सुपौल, अग्निशमन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सहित जिले के सभी राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त उप निर्वाचन पदाधिकारी, सुपौल भी मौके पर मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति तथा भवन की संरचना की स्थिति का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिला प्रशासन द्वारा इस तरह के नियमित निरीक्षण से चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

