डीएम सावन कुमार ने मरौना प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
सुपौल, 28 फ़रवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार, सुपौल द्वारा शुक्रवार को मरौना प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं की प्रगति तथा आधारभूत संरचना से जुड़े प्रस्तावों की स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन किया।
इस क्रम में जिलाधिकारी ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन निर्माण हेतु प्रस्तावित भूमि का स्थल भ्रमण किया। उन्होंने अंचलाधिकारी से भूमि की उपलब्धता, स्वामित्व स्थिति, निर्माण प्रस्ताव की प्रगति तथा संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि भवन निर्माण से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार शीघ्र पूर्ण की जाएं, ताकि भविष्य में आम नागरिकों को बेहतर एवं व्यवस्थित कार्यालयीय सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनके विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, राजस्व संबंधी कार्यों, विकास कार्यक्रमों एवं लोक सेवाओं की उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली। समीक्षा के दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी योजनाओं एवं कार्यों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, जन शिकायतों के प्रभावी समाधान तथा कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को सुचारू, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी,अंचलाधिकारी सहित प्रखंड स्तरीय सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

