खड़गे के बयान पर भाजपा का विरोध दोहरा मापदंड, दलित सम्मान के मुद्दे पर भी जवाब दे पार्टी : अनुपम

WhatsApp Channel Join Now
खड़गे के बयान पर भाजपा का विरोध दोहरा मापदंड, दलित सम्मान के मुद्दे पर भी जवाब दे पार्टी : अनुपम


सुपौल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर भाजपा की ओर से किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता सह जिला कांग्रेस कमेटी, सुपौल के अध्यक्ष अनुपम ने भाजपा पर राजनीतिक विरोधियों के प्रति दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपमान का मुद्दा उठाने वाली भाजपा को पहले अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की भाषा तथा विपक्षी नेताओं के प्रति अपने व्यवहार पर भी जवाब देना चाहिए। दूसरों को राजनीतिक मर्यादा का पाठ पढ़ाने से पहले भाजपा को अपने आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए।

अनुपम ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और दलित समाज से आते हैं। उन्होंने खड़गे की सभा के बाद संबंधित स्थान के कथित शुद्धिकरण की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि जातिगत पहचान के आधार पर ऐसा व्यवहार किया गया है, तो यह सामाजिक समानता, संवैधानिक मूल्यों और मानवीय गरिमा से जुड़ा गंभीर सवाल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल को लेकर कई बार सवाल उठे हैं। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणियों से लेकर खड़गे के प्रति की गई टिप्पणियों तक, भाजपा को अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के आचरण पर जवाब देना चाहिए। अनुपम ने एलन मस्क से जुड़े उस प्रसंग का भी उल्लेख किया।

उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा नेताओं ने इस प्रसंग पर वैसी मुखर प्रतिक्रिया क्यों नहीं दिखाई, जैसी खड़गे के बयान को लेकर दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के सम्मान और देश की संप्रभुता से जुड़े सवालों पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार प्रतिक्रिया देना उचित नहीं है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए अनुपम ने कहा, “शाह और शहंशाह सत्ता के अहंकार से बाहर निकलें और जनता के सवालों का जवाब देना सीखें।

लोकतंत्र में कुर्सी स्थायी नहीं होती, लेकिन जनता की ताकत सर्वोपरि होती है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता राजेश कच्छप ने कहा कि भाजपा एक मुहावरे को लेकर प्रधानमंत्री के अपमान का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कर रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. विश्वनाथ सराफ ने कहा कि राजनीतिक आलोचना और व्यक्तिगत अपमान के बीच अंतर समझना जरूरी है। सुपौल प्रखंड प्रभारी शाहिद खान ने कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है। भाजपा को इन सवालों पर जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि बुनियादी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा करती है।

कांग्रेस नेता शत्रुघ्न प्रसाद चौधरी ने कहा कि सत्ता के बल पर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश सफल नहीं होगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के आंबेडकर चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सांकेतिक पुतला दहन कर विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा के विरोध प्रदर्शनों से कांग्रेस की आवाज कमजोर नहीं होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767860 Articles

Share this story