सुपौल में नाव पलटी , सभी 15 यात्री सुरक्षित निकाले गए
सुपौल, 09 जून (हि.स.)। जिले के सरायगढ़-भपटियाही अंचल क्षेत्र में सोमवार सुबह एक नाव पलटने की घटना सामने आई।
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सरायगढ़ पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित 36.40 स्पर के निकट सुबह लगभग 8:45 बजे नाव पलटने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी सरायगढ़-भपटियाही धीरज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार, थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे, आपदा मित्रों एवं गोताखोरों की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।घटना की जानकारी मिलने पर अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों समेत अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
प्रशासन द्वारा नाविक से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाव पर लगभग 15 लोग सवार थे, जो नदी पार कर घास काटने एवं टुंग तोड़ने जा रहे थे। नाव से उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ जाने के कारण नाव पलट गई, जिससे सभी यात्री नदी में गिर पड़े।
हालांकि नाविक और आपदा मित्रों की तत्परता से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति की क्षति नहीं हुई है। नाव पर सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में नाव से आवागमन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा नाव की क्षमता से अधिक यात्रियों को सवार न करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन संचालन केंद्र अथवा जिला नियंत्रण कक्ष को देने की भी अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

